29 मार्च को दादरी में अखिलेश की रैली, जनसभा के साथ 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकेगी समाजवादी पार्टी, बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना

top-news
समाजवादी पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत गौतम बुद्ध नगर की दादरी विधानसभा से करेगी। 29 मार्च को अखिलेश यादव दादरी में ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ को संबोधित करेंगे, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी अब तेज करती नजर आ रही है। पार्टी इस चुनाव अभियान की शुरुआत गौतम बुद्ध नगर की दादरी विधानसभा से करने जा रही है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव 29 मार्च को दादरी में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। गुरुवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेताओं ने रैली की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी को कमजोर मानने की जो धारणा बनी हुई है, उसे इस रैली के जरिए बदलने की कोशिश की जाएगी। इसी रणनीति के तहत ग्रेटर नोएडा से चुनावी अभियान का आगाज किया जा रहा है।


दादरी के मिहिरभोज डिग्री कॉलेज में होगी रैली

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने बताया कि यह रैली दादरी के मिहिर भोज डिग्री कॉलेज में आयोजित की जाएगी। रैली का नाम ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ रखा गया है, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 32 जिलों की 142 विधानसभा सीटों से लगभग एक लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी का दावा है कि यह रैली क्षेत्र की सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में से एक साबित हो सकती है।


कई महीनों से चल रही तैयारी

पार्टी नेताओं के अनुसार इस रैली की तैयारी पिछले कई महीनों से चल रही है। कार्यकर्ताओं ने गांवों और विभिन्न क्षेत्रों में पंचायतें आयोजित कर लोगों से रैली में शामिल होने का आह्वान किया है। राजकुमार भाटी का कहना है कि लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग बिना किसी प्रलोभन के रैली में शामिल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान कई लोग पार्टी की सदस्यता भी ले सकते हैं। सपा नेताओं का दावा है कि पार्टी पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से ही अपनी रणनीति तैयार कर रही है और 2027 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *