नोएडा में पौने दो करोड़ की GST चोरी करने वाला गिरफ्तार, फर्जी इनवॉइस बनाकर करता था खेल, पुलिस कर रही पूछताछ
- Shiv Kumar
- 13 Mar, 2026
नोएडा में सीआरटी और थाना सेक्टर-58 पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी फर्म बनाकर करीब 1 करोड़ 74 लाख 11 हजार 987 रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहन गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे सेक्टर-62 स्थित छोटा डी पार्क इलाके से पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, एक टैबलेट और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। आरोपी लंबे समय से फर्जी कंपनियां बनाकर जीएसटी में धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में भी जुट गई है।
फर्जी फर्म बनाकर किया बोगस जीएसटी क्लेम
पुलिस जांच में सामने आया कि 29 जुलाई 2024 को केएस इंटर प्राइसेज नाम की फर्म के जरिए जीएसटी पोर्टल पर ऑनलाइन जीएसटी नंबर लिया गया। इसके बाद रोहन गुप्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर आलम इंटरप्राइजेज, केएस इंटरप्राइजेज, सीपी ट्रेडर्स और ट्रेडियोग्राफी के नाम से कई फर्जी फर्म तैयार कर लीं। इन फर्मों के जरिए वर्ष 2024-25 में बिना किसी वास्तविक खरीद-फरोख्त के करीब 1 करोड़ 74 लाख 11 हजार 987 रुपये का बोगस आईजीएसटी क्लेम किया गया। इस तरह कागजों में ही लेनदेन दिखाकर सरकार को बड़ा नुकसान पहुंचाया गया।
फर्जी दस्तावेजों से बनाई इनवॉइस और दिखाया कारोबार
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने बोगस इनवर्ड सप्लाई दिखाते हुए अन्य फर्मों को आउटवर्ड सप्लाई दिखाकर फर्जी इनवॉइस तैयार किए। बोगस आईजीएसटी की आईटीसी अपनी आपूर्ति फर्म सीपी ट्रेड को ट्रांसफर की गई। इसके अलावा फर्म केएस इंटर प्राइसेज द्वारा अस्तित्वहीन फर्म ट्रेडियोग्राफी से बिना किसी वास्तविक आपूर्ति के केवल कागजी दस्तावेजों का आदान-प्रदान कर इनवॉइस सप्लाई घोषित की गई। इस तरह फर्जी इनवर्ड सप्लाई के आधार पर बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम किया जाता था। इस मामले में राज्यकर अधिकारी खंड-9 नोएडा की ओर से 25 अक्टूबर 2025 को थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






