ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, निर्माणधीन मकान की दीवार गिरी, चार मजदूर दबे, दो की हालत गंभीर
- Shiv Kumar
- 13 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास रामनेर गांव में शुक्रवार शाम एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दीवार गिरने के कारण वहां काम कर रहे चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मदद से सभी मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से दो मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य दो को सामान्य चोटें आई हैं।
काम के दौरान अचानक भरभराकर गिरी दीवार
जानकारी के मुताबिक रामनेर गांव में पिछले कई दिनों से एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शुक्रवार को मजदूर निर्माणाधीन दीवार के पास काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और पास में काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाना शुरू किया और दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि यदि राहत कार्य में थोड़ी भी देरी होती तो मजदूरों की जान को बड़ा खतरा हो सकता था।
सुरक्षा इंतजामों पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। इस पूरे मामले में जेवर कोतवाली पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी तक घटना की औपचारिक सूचना नहीं मिली है। पुलिस के मुताबिक सूचना मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






