साढ़ू ने तोड़ दिए युवक के दोनों हाथ पैर, पत्नी से कर रहा था गाली-गलौज, विरोध किया तो कर दिया हमला
- Shiv Kumar
- 13 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक के साढ़ू ने चार अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया और लोहे की रॉड व डंडों से बेरहमी से पीटा। इस हमले में युवक के दोनों पैर और एक हाथ की हड्डियां टूट गईं। गंभीर हालत में उसे ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित के परिजनों ने शुक्रवार को पुलिस में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शादी समारोह में शुरू हुआ था विवाद
पीड़ित के भाई अभिषेक भाटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भाई मोहित बीते रविवार को बुलंदशहर के एक गांव में अपनी पत्नी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मोहित के साढ़ू ने उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मोहित ने इसका विरोध किया तो मामला और बढ़ गया। आरोप है कि साढ़ू ने मोहित को जान से मारने की धमकी दी और वहां माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। परिजनों के मुताबिक उस समय किसी तरह लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन आरोप है कि साढ़ू मन में रंजिश रखे हुए था और बाद में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला करने की योजना बना ली।
सिकंदराबाद जाते समय रास्ते में रोककर हमला
परिजनों का आरोप है कि बुधवार को मोहित किसी काम से सिकंदराबाद जा रहे थे। इसी दौरान चीती गांव के पास एक कार ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। कार में मोहित का साढ़ू और चार अज्ञात लोग सवार थे। आरोप है कि सभी लोग कार से उतरते ही मोहित पर टूट पड़े और लोहे की रॉड व डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उनके दोनों पैर और एक हाथ की हड्डियां टूट गईं, जबकि शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मोहित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए।
गंभीर हालत में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मोहित की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक बड़े निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उनका इलाज चल रहा है और परिवार के लोग काफी परेशान हैं। परिजनों का कहना है कि हमला पूरी तरह सोची-समझी साजिश के तहत किया गया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






