नोएडा में रेकी करके घरों में चोरी करने वाले 2 अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध तमंचे समेत चोरी के गहने बरामद
- Shiv Kumar
- 13 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों में रैकी कर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों को नट मढैय्या गोल चक्कर के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश और बलराज के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब साढ़े दस लाख रुपये की ज्वैलरी, एक लैपटॉप, दो कलाई घड़ी, चोरी में इस्तेमाल की गई कार और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से बंद पड़े मकानों की रैकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रैकी कर बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वे पहले इलाके में घूमकर बंद पड़े मकानों की रैकी करते थे और फिर मौका मिलने पर घरों में घुसकर कीमती सामान और ज्वैलरी चोरी कर लेते थे। पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी 2026 की रात को भी आरोपियों ने सेक्टर-36 स्थित एक बंद मकान की खिड़की काटकर घर में प्रवेश किया और वहां से ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वैगन आर कार से मौके से फरार हो गए थे। बाद में चोरी के पैसों को आपस में बांट लिया और चोरी का सामान साइट-4 इलाके में छिपा दिया था।
पुलिस ने कार, ज्वैलरी और अवैध तमंचा बरामद किया
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी की ज्वैलरी बरामद की है। इसमें गले का हार, कई अंगूठियां, कान के टप्स, कुंडल, बच्चों के कड़े, चेन, बिछवा और पैरों की पायल समेत कई कीमती सामान शामिल हैं। इसके अलावा दो कलाई घड़ी, एक लैपटॉप और चार्जर भी बरामद हुआ है। पुलिस ने चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई कार (UP86T5729) भी कब्जे में ली है। साथ ही आरोपियों के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ बीटा-2 थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपी अलग-अलग जिलों के रहने वाले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अवधेश पुत्र लायक सिंह मूल रूप से हाथरस जिले के शेखगड़ी गांव का रहने वाला है और फिलहाल गौतमबुद्धनगर के सेक्टर-2 पतवारी क्षेत्र में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी बलराज पुत्र रामपाल हरियाणा के कैथल जिले के सुभाष नगर का निवासी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना बीटा-2 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






