नोएडा के 18 सेंटरों पर हो रही UPSI भर्ती परीक्षा, CCTV कैमरों से हो रही सख्त निगरानी, कड़ी सुरक्षा और सघन चेकिंग के बाद मिली एंट्री
- Shiv Kumar
- 14 Mar, 2026
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (UPSI) और समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा के लिए जनपद में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। प्रशासन के अनुसार दोनों पालियों में करीब 22 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं और सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
सीसीटीवी से होगी निगरानी, बनाया गया कंट्रोल रूम
परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके लिए एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या गड़बड़ी को रोका जा सके। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की भी अपील की है, ताकि जांच प्रक्रिया के कारण उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कई सामान ले जाने पर पूरी तरह रोक
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों में कई प्रकार की वस्तुओं को पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। परीक्षार्थी किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्यामितीय या पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, क्रेडिट या डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव और इरेजर जैसे सामान परीक्षा केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा मोबाइल फोन, कैमरा, किसी भी प्रकार की घड़ी, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, पेजर और हेल्थ बैंड जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट भी पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। साथ ही परीक्षार्थियों को बटुआ, काला चश्मा, हैंड बैग, टोपी, खाने-पीने का सामान, सिगरेट या गुटखा जैसी वस्तुएं भी साथ लाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






