नोएडा में हजारों अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने वाले गैंग को पुलिस ने दबोचा, अवैध तरीके से सस्ते OTT प्लेटफॉर्म लाइव स्ट्रीमिंग दिलाने के लिए करते थे ठगी

top-news
नोएडा के फेज-वन थाना पुलिस ने सस्ते ओटीटी सब्सक्रिप्शन का लालच देकर अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने हजारों विदेशी नागरिकों से करोड़ों रुपये ठगे।

नोएडा के फेज-वन थाना पुलिस ने सस्ते ओटीटी सब्सक्रिप्शन का लालच देकर विदेशी नागरिकों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के सरगना समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर आरोप है कि वे अमेरिकी नागरिकों को सस्ते ओटीटी सब्सक्रिप्शन दिलाने का झांसा देकर 100 से 300 डॉलर तक वसूलते थे। पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने करीब तीन हजार से अधिक अमेरिकी नागरिकों को अपना शिकार बनाया और उनसे करोड़ों रुपये की ठगी की। आरोपी खुद को नामी ओटीटी प्लेटफॉर्म की सेवाएं री-रूट कर सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने का दावा करते थे। पुलिस ने मौके से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज भी बरामद किए हैं।


सेक्टर-2 में चल रहा था अवैध कॉल सेंटर

एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि सेक्टर-2 के सी ब्लॉक स्थित एक भवन में अवैध कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जांच की तो पता चला कि वहां से अमेरिकी नागरिकों को कॉल करके अवैध रूप से ओटीटी प्लेटफॉर्म की लाइव स्ट्रीमिंग सेवाएं बेचने का काम किया जा रहा था। आरोपी खुद को अमेजन प्राइम, हॉट स्टार और नेट फ्लिक्स जैसी कंपनियों से जुड़ा बताकर ग्राहकों को सस्ते सब्सक्रिप्शन का लालच देते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य ज्यादातर रात के समय काम करते थे और विदेशी नागरिकों को टारगेट करते थे।


छापेमारी के दौरान हेडफोन लगाकर कॉल करते मिले आरोपी

पुलिस ने सूचना को पुख्ता करने के बाद सेक्टर-2 स्थित भवन के तीसरे तल पर छापा मारा। वहां पहुंचने पर देखा गया कि कई युवक हेडफोन लगाकर फोन पर बातचीत कर रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही सभी ने बातचीत बंद कर दी। पूछताछ के दौरान दिल्ली के जामिया नगर निवासी मोहसिन खान ने खुद को कंपनी का निदेशक बताया। उसने बताया कि उसने मोहसिन कंसलटेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी बनाई हुई है और उसी के जरिए कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था।


सॉफ्टवेयर के जरिए अमेरिकी नागरिकों से करते थे संपर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी डायलर कम्यूनिकेटर नामक सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर अमेरिकी नागरिकों को कॉल करते थे। इसके बाद उन्हें सस्ते ओटीटी सब्सक्रिप्शन का ऑफर देकर ठगी की जाती थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ठगी की रकम कहां-कहां ट्रांसफर की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *