नोएडा में छोटी सी बात को लेकर बवाल! तीन सगे भाइयों ने चाकू से गोदकर किशोर को मार डाला, पुलिस ने दो नाबालिगों समेत 7 को किया गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 14 Mar, 2026
नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान न्यौछावर के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना 12 मार्च की रात एक बारातघर में हुई, जहां बारात चढ़त के दौरान उड़ाए जा रहे पैसों को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने किशोर श्याम पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्याम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में थाना सेक्टर-24 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बारात चढ़त के दौरान पैसे बटोरने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार 12 मार्च को सेक्टर-24 क्षेत्र के एक बारातघर में शादी समारोह चल रहा था। बारात चढ़त के दौरान परंपरा के अनुसार पैसे उड़ाए जा रहे थे। इन्हें बटोरने के लिए कई लोग आगे बढ़ रहे थे। एक पक्ष से श्याम और उसका भाई मौजूद थे, जबकि दूसरे पक्ष से आसिफ, रौनक, तौसीफ, सुदामा, सरफराज और एक अन्य नाबालिग पैसे बटोर रहे थे। जब सभी लोग पैसे बटोरकर वापस लौट रहे थे, तभी न्यौछावर के पैसों को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद झगड़े में बदल गया।
झगड़ा बढ़ने पर चाकू से किया हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने श्याम और उसके भाई को घेर लिया और उनसे पैसे छीनने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान आसिफ ने चाकू निकालकर श्याम पर हमला कर दिया। चाकू लगने से श्याम गंभीर रूप से घायल हो गया और वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल श्याम को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन ज्यादा खून बहने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
तीन सगे भाइयों समेत सात आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आसिफ, रौनक, तौसीफ, सुदामा, सरफराज और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में आसिफ, तौसीफ और सरफराज तीनों सगे भाई हैं। मृतक श्याम सेक्टर-11 की झुग्गियों में रहता था। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






