नोएडा में 'नारी शक्ति सम्मान' समारोह का आयोजन, विधायक ने किया महिलाओं को सम्मानित, अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं हुईं शामिल
- Shiv Kumar
- 14 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा स्थित मंगलमय इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ‘नारी शक्ति सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला उन्नति संस्था की ओर से किया गया, जिसमें जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक सेवा, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मान देकर उनके कार्यों की सराहना की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और समाजसेवी भी मौजूद रहे।
महिलाएं हर क्षेत्र में कर रही बेहतर काम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को सही अवसर और सम्मान मिले, तो वे किसी भी क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, राजनीति, सामाजिक सेवा और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में महिलाएं अपनी मेहनत और क्षमता से देश को नई दिशा दे रही हैं। विधायक ने कहा कि महिलाओं की सफलता समाज के लिए प्रेरणा का काम करती है और आने वाली पीढ़ियों को भी आगे बढ़ने का हौसला देती है।
महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा पर दिया जोर
विधायक ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान को सुनिश्चित करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उनके अनुसार जब महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलता है, तभी एक सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की नींव मजबूत होती है। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए परिवार और समाज दोनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में मंगलमय इंस्टीट्यूट के चेयरमैन अतुल मंगल, प्रेरणा मंगल, तीरथ शर्मा, डॉ. राहुल वर्मा और अनिल भाटी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रेरणा मंगल, कुसुम लता बैसला, रेखा गुर्जर, डॉ. अमनदीप कौर, नूतन भाटी, साक्षी कसाना, दिव्या त्रिपाठी, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, श्रेया शर्मा और अंकिता बिष्ट सहित कई महिलाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






