ग्रेटर नोएडा में उधारी मांगने पर बवाल, दुकान में गोलीबारी और तोड़फोड़, पूरी घटना CCTV में कैद, मामले की जांच में जुटी पुलिस
- Shiv Kumar
- 14 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अच्छेजा बुजुर्ग गांव में उधारी के पैसे मांगने को लेकर गुरुवार रात जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के कई लोग एकत्र होकर पीड़ित के घर और दुकान पर पहुंच गए, जहां तोड़फोड़ की गई और कई राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चार लाख रुपये की उधारी को लेकर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित आतिफ भाटी के अनुसार उनके पिता आशिफ प्रधान ने करीब पांच महीने पहले गांव के ही एक व्यक्ति को चार लाख रुपये उधार दिए थे। गुरुवार को आतिफ अपने पिता के पैसे वापस मांगने उसके पास पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान वहां गालीगलौज शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख आतिफ वापस अपने घर लौट आए। कुछ देर बाद कथित तौर पर 15 से 20 लोग उनके घर पहुंच गए और वहां हंगामा करने लगे। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ की गई और कई राउंड फायरिंग भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
दुकान के शटर में लगी गोलियां, आरोपी फरार
पीड़ित के मुताबिक फायरिंग के दौरान दो गोलियां दुकान के शटर में भी लगीं। आरोप है कि हमलावरों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, हालांकि उससे पहले उनकी हरकतें कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी थीं। आतिफ भाटी ने तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी वहां से फरार हो गए थे।
पीड़ित ने कार्रवाई में देरी का लगाया आरोप
पीड़ित आतिफ का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को घटना का वीडियो भी उपलब्ध कराया, लेकिन पुलिस ने उनके कैमरे की डीवीआर अपने साथ ले ली। उनका कहना है कि शुक्रवार तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित परिवार ने कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे शनिवार को उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






