नोएडा में LPG सिलेंडर को लेकर सड़कों पर उतरे लोग, बीच सड़क पर बैठे, पुलिस ने समझाबुझाकर खुलवाया जाम
- Shiv Kumar
- 14 Mar, 2026
नोएडा में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा एक बार फिर सड़क पर दिखाई दिया। सेक्टर-4 की मुख्य सड़क पर नाराज लोगों ने ई-रिक्शा पर गैस सिलेंडर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से उनके घरों में चूल्हा तक नहीं जला है और बच्चे भूखे रहने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि कई दिनों पहले सिलेंडर की पर्ची कटवाने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल रही है। इससे नाराज होकर लोगों ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया।
ई-रिक्शा पर सिलेंडर रखकर किया प्रदर्शन
गुस्साए लोगों ने ई-रिक्शा पर सिलेंडर रखकर सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। देखते ही देखते सड़क पर लंबा जाम लग गया और गोलचक्कर तक वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने कई बार लोगों से ई-रिक्शा हटाने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी काफी देर तक अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में अधिकारियों और पुलिस के काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए और रास्ता खाली किया गया।
तीन दिन से कतार में खड़े लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे सुबह से गैस सेंटरों पर लंबी-लंबी कतारों में खड़े हो रहे हैं। कई लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले उनकी पर्चियां कट चुकी हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिला। गैस की इस समस्या से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। कई परिवारों का कहना है कि गैस न मिलने के कारण उन्हें खाना बनाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहले भी हो चुका है सड़क जाम
नोएडा में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर यह दूसरा मौका है जब लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया है। इससे पहले सेक्टर-18 की मुख्य सड़क पर भी लोगों ने इसी तरह जाम लगाया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इस बार पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद यातायात दोबारा सामान्य हो सका।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






