नोएडा में अधिवक्ता को पीटने के मामले में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, भाई की तलाश में घर से उठाकर थाने ले जाने का आरोप
- Shiv Kumar
- 16 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता को हिरासत में लेकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि पुलिस उनके भाई की तलाश में घर पहुंची थी, लेकिन जब वह नहीं मिला तो पुलिसकर्मी उन्हें ही जबरन थाने ले गए। अधिवक्ता का कहना है कि उन्हें पूरी रात थाने में बंद रखकर मारपीट की गई। इस घटना के सामने आने के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। मामला बढ़ने पर पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू करा दी है।
भाई की तलाश में घर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार फेस टू क्षेत्र निवासी अधिवक्ता फरीद अहमद सूरजपुर जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं। शनिवार रात वह अपने घर पर परिवार के साथ मौजूद थे। उसी दौरान बिसरख कोतवाली के कुछ पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। पुलिस उनके भाई की तलाश में आई थी, जो एक अन्य मामले में वांछित बताया जा रहा है। अधिवक्ता का आरोप है कि जब पुलिस को उनका भाई नहीं मिला तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही जबरन घर से उठा लिया। परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर थाने ले गए।
पूरी रात थाने में रखने और मारपीट का आरोप
पीड़ित अधिवक्ता फरीद अहमद का कहना है कि बिसरख कोतवाली ले जाने के बाद उन्हें पूरी रात थाने में बंद रखा गया और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के कारण उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान पड़ गए हैं। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय अधिवक्ताओं में नाराजगी फैल गई और मामले को लेकर विरोध शुरू हो गया।
अधिवक्ताओं के विरोध के बाद कार्रवाई
रविवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी सहित कई अधिवक्ता बिसरख कोतवाली पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। उन्होंने इसे अवैध हिरासत बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विरोध के बाद अधिकारियों ने त्वरित कदम उठाते हुए बिसरख कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक श्रीपाल गिरी, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार और दो अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की विभागीय जांच
सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी आरके गौतम ने बताया कि अधिवक्ता के भाई पर मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज है और पुलिस उसकी तलाश में घर पहुंची थी। अधिवक्ता की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






