ग्रेटर नोएडा में अधिवक्ता से मारपीट के विरोध में वकीलों ने किया हंगामा, सूरजपुर कोर्ट में पुलिस को खदेड़ा
- Shiv Kumar
- 16 Mar, 2026
बिसरख थाना पुलिस पर अधिवक्ता के साथ मारपीट का आरोप लगने के बाद सोमवार को सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में जोरदार हंगामा किया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को परिसर से बाहर खदेड़ दिया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के विरोध में अधिवक्ताओं ने हड़ताल पर जाने का फैसला लिया। जानकारी के अनुसार फेस-2 क्षेत्र निवासी अधिवक्ता फरीद अहमद, जो सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं, शनिवार रात अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान बिसरख कोतवाली में तैनात कुछ पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि पुलिस किसी मारपीट के मामले में उनके भाई की तलाश में वहां पहुंची थी, लेकिन भाई के नहीं मिलने पर अधिवक्ता को ही थाने ले जाने का आरोप लगाया गया है।
रात भर थाने में बंद कर मारपीट का आरोप
पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि पुलिसकर्मी उन्हें जबरन घर से उठाकर बिसरख कोतवाली ले गए और रात भर थाने में बंद रखा। उनका कहना है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई, जिससे उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान आ गए। सुबह छोड़े जाने के बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की। घटना की जानकारी जैसे ही अन्य अधिवक्ताओं को मिली, उनमें भारी आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के बाद बिसरख कोतवाली में तैनात दो उपनिरीक्षक श्रीपाल गिरी, कृष्ण कुमार और दो अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
बार एसोसिएशन की बैठक में हड़ताल का निर्णय
घटना के विरोध में जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर की आम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी ने की, जबकि संचालन सचिव शोभाराम चंदीला ने किया। बैठक में अधिवक्ता फरीद अहमद के साथ हुई मारपीट और अभद्र व्यवहार की कड़ी निंदा की गई। सभी अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर हड़ताल पर जाने का फैसला किया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी ने कहा कि इस मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए पुलिस प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए।
न्यायालय परिसर से पुलिस को खदेड़ा, वीडियो वायरल
सोमवार सुबह जैसे ही न्यायालय परिसर खुला, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को अधिवक्ताओं ने विरोध करते हुए बाहर खदेड़ दिया। अधिवक्ताओं के भारी आक्रोश को देखते हुए पुलिसकर्मी वहां से दौड़ते हुए नजर आए। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अधिवक्ता पुलिसकर्मियों को परिसर से बाहर जाने के लिए कह रहे हैं और पुलिसकर्मी तेजी से वहां से निकलते दिखाई दे रहे हैं। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में दो दरोगा और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






