ग्रेटर नोएडा में छात्र पर जानलेवा हमला, कार से ओवरटेक कर बाइकसवार को रोका, फिर जमकर पीटा, पुलिस ने तीन आरोपियों पर दर्ज किया मुकदमा
- Shiv Kumar
- 19 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर एक छात्र पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार हमलावरों ने बाइक सवार छात्र को ओवरटेक कर जबरन रोका और फिर उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओवरटेक कर रोका, फिर किया हमला
पीड़ित छात्र विकास, जो नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में रेडियोलॉजी का छात्र है, मंगलवार को अपने दोस्त के साथ बाइक से लौट रहा था। जैसे ही वे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर पहुंचे, तभी कुछ लोगों ने कार और बाइकों से उनकी बाइक को घेर लिया। आरोप है कि रिंकू उर्फ सुबोध, आलोक और कुलदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले ओवरटेक किया और फिर छात्र को रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।
पुरानी रंजिश का शक, पुलिस कर रही जांच
पीड़ित के चाचा अनिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों से उनके परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






