भीकनपुर हिंसा: कोर्ट के आदेश पर दूसरे पक्ष के दर्जनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- Shiv Kumar
- 10 Feb, 2025
Greater Noida: रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 15 नवंबर 2024 को हुई हिंसक घटना में कोर्ट के आदेश पर दूसरे पक्ष के दर्जनों लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने घर में घुसकर लूटपाट, हत्या का प्रयास, मारपीट व छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव भीकनपुर में ट्रैक्टर में 15 नवंबर को हुआ था खूनी संघर्ष
गौरतलब है कि 15 नवंबर को रबूपुरा के गांव भीकनपुर में ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया था। जिसमें दोनों पक्षों की ओर से लाठी- डंडों चले और फायरिंग व पथराव हुआ था। जिसमें एक पक्ष के युवक कमल की मौत हो गई थी। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर 14 नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके साथ ही 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया था। वहीं, दूसरे पक्ष ने पुलिस पर एक तरफा कारवाई करने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से गुहार लगाई थी। सुनवाई नहीं होने से हताश होकर न्यायालय की शरण ली।
घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग की थी
निशा शर्मा पत्नी रजत शर्मा ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 नंबर को तेज गति से ट्रैक्टर चलने का विरोध करने पर शीशपाल पक्ष से विवाद हो गया था। जिसके बाद शीशपाल, निकेश, पप्पन, विजयपाल, शेरपाल, योगेश, लखपत, अजीत, विवेक, चिरंजीव, अड़ंगपाल, सुग्रीव, हुरमत व अमन अपने 20-25 अज्ञात साथियों के साथ लाठी डंडे व हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुस धावा बोल दिया और गाली गलौज करते हुए घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार के लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। घर में मौजूद महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हुए लूटपाट की।
पुलिस और अधिकारियों ने नहीं की कार्रवाई
आरोप है बचाव करने आए पड़ोसियों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता, उसके परिजन व पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि स्थानीय पुलिस से लेकर उच्चाधिकारियों तक शिकायत करने के बावजूद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नही की गई। जिसके बाद पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






