ग्रेटर नोएडा में पिकअप ड्राइवर ने किया सुसाइड, पत्नी से झगड़े के बाद कई दिनों से डिप्रेसन में था युवक
- Shiv Kumar
- 21 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पत्नी से विवाद के बाद एक 43 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना रिछपाल गढ़ी गांव की है, जहां रहने वाले धीरज नाम के व्यक्ति ने घर में ही खुद को गोली मार ली। घटना के समय घर में मौजूद परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
पत्नी से हुआ विवाद, पहले से तनाव में था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक धीरज मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला था और पिछले करीब 10 साल से अपने परिवार के साथ रिछपाल गढ़ी गांव में रह रहा था। परिवार में उसकी पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। वह एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में पिकअप चालक के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात उसने शराब का सेवन किया था, जिसके बाद किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। परिजनों के मुताबिक, धीरज पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में भी था, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
घर में मौजूद तमंचे को साफ करते समय हुआ हादसा
परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि धीरज उस रात घर में रखे एक तमंचे को साफ कर रहा था। यह उनके लिए कोई नई बात नहीं थी, क्योंकि वह पहले भी ऐसा करता रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिससे घर में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में धीरज को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं सके।
पुलिस जांच में जुटी, अवैध हथियार पर भी सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है और खास तौर पर इस बात पर ध्यान दिया जा रहा है कि धीरज के पास अवैध तमंचा कहां से आया और कब से उसके पास था। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी स्थिति साफ हो सके। एसीपी सेंट्रल नोएडा पवन कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है, हालांकि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






