ग्रेटर नोएडा में 10 दिन की बच्ची को बेचने की साजिश, पुलिस ने अस्पताल की मालकिन समेत तीन को दबोचा, ढाई लाख में हुआ था सौदा
- Shiv Kumar
- 23 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में नवजात बच्ची को बेचने की साजिश का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। महज 5 से 6 दिन की बच्ची को 2.60 लाख रुपये में बेचने का सौदा तय किया गया था। इस मामले में एक निजी अस्पताल की मालकिन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामला तब सामने आया जब एक दंपती ने बच्चा गोद लेने के लिए सोशल मीडिया पर जानकारी जुटानी शुरू की। इसी दौरान कुछ संदिग्ध लोगों ने उनसे संपर्क कर मोटी रकम में बच्चा दिलाने का झांसा दिया। दंपती को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी, जिसके बाद पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।
साजिश ऐसे आई सामने, पुलिस ने बिछाया जाल
जानकारी के मुताबिक, दंपती से 2.60 लाख रुपये में बच्ची देने का सौदा तय किया गया था। दंपती ने समझदारी दिखाते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन को इसकी सूचना दी। इसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), बाल कल्याण समिति और बिसरख कोतवाली पुलिस ने मिलकर जाल बिछाया। आरोपियों ने दंपती को बच्ची दिखाने के लिए बिसरख गोलचक्कर के पास बुलाया। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे जैसे ही एक महिला बच्ची को लेकर पहुंची, सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इस कार्रवाई से साफ हो गया कि यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था।
अस्पताल से जुड़ा गिरोह, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़ी गई महिला ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक निजी अस्पताल में काम करती थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल की मालकिन यशिका गर्ग, सफाईकर्मी गजेंद्र और ओटी टेक्नीशियन रंजीत को भी गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस तरह के कई और लोग इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब इस पूरे गिरोह की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और सोशल मीडिया के जरिए चल रहे ऐसे रैकेट की भी जांच कर रही है।
बच्ची सुरक्षित, असली माता-पिता की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक अभी तक बच्ची के असली माता-पिता का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि बच्ची की मां उसे अस्पताल में छोड़कर चली गई थी। फिलहाल बच्ची को सुरक्षित रूप से नोएडा के साई कृपा शेल्टर होम में रखा गया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






