मंझावली पुल के उदघाटन के तीन महीने बाद भी संपर्क मार्ग अधूरा, ग्रेटर नोएडा जाने वाली सड़क पर भरा कीचड़, फंस रहे वाहन
- Shiv Kumar
- 23 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा। हरियाणा के मंझावली से ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले पुल का उद्घाटन हुए 86 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक इसका संपर्क मार्ग तैयार नहीं हो सका है। 26 दिसंबर 2023 को जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और हरियाणा के मंत्री राजेश नागर ने इसका लोकार्पण किया था। उस समय दावा किया गया था कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। हाल ही में हुई बारिश के बाद कच्चा रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है, जिससे लोगों का आना-जाना बेहद मुश्किल हो गया है।
बारिश के बाद हालात बदतर, कीचड़ और गड्ढों में फंस रहे वाहन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के बाद इस मार्ग की स्थिति और भी खराब हो गई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं और पूरा रास्ता कीचड़ से भर गया है। ऐसे में छोटे-बड़े वाहन आए दिन फंस रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार बाइक और कार चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। इस मार्ग से गुजरना अब जोखिम भरा हो गया है और लोग मजबूरी में वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
बारात में फंसी दूल्हे की कार, वीडियो वायरल होने से बढ़ा आक्रोश
हाल ही में एक शादी के दौरान दूल्हे की कार भी इसी रास्ते में फंस गई थी। काफी देर तक मशक्कत करने के बाद ट्रैक्टर की मदद से कार को बाहर निकाला गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब पुल बन चुका है, तो सड़क निर्माण में इतनी देरी समझ से परे है। इससे साफ जाहिर होता है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
एयरपोर्ट उद्घाटन से पहले भी अधूरी तैयारी, लोगों ने उठाए सवाल
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस पुल से हरियाणा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद थी, लेकिन सड़क न बनने से इसका कोई फायदा नहीं मिल पा रहा है। 28 मार्च को प्रस्तावित जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारी चल रही है, फिर भी इस महत्वपूर्ण मार्ग की अनदेखी कई सवाल खड़े कर रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके और यह मार्ग वास्तव में उपयोगी बन सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






