बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों को किया तबाह, फसलें हुईं बर्बाद, जेवर में किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर बुलाई महापंचायत
- Shiv Kumar
- 24 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा तहसील में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक मंच की ओर से पंचायत आयोजित की गई, जिसमें किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। तहसील अध्यक्ष वेदपाल कौशिक के नेतृत्व में हुई इस पंचायत में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने खासतौर पर बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और यमुना में आई बाढ़ से खराब हुई फसलों के नुकसान पर चिंता जताई। उनका कहना है कि गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की, ताकि उन्हें राहत मिल सके और अगली फसल की तैयारी में मदद मिले।
फसल नुकसान के सर्वे और मुआवजे की उठी मांग
पंचायत में जिलाध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि मौसम की मार से किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और मुआवजा जल्द जारी किया जाए। इसके साथ ही यमुना की बाढ़ से खराब हुई धान की फसल का लंबित मुआवजा भी जल्द देने की बात कही गई। किसानों का कहना है कि अगर समय पर मदद नहीं मिली, तो उनकी स्थिति और खराब हो सकती है। पंचायत में मौजूद किसानों ने एकजुट होकर इस मुद्दे पर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
राजस्व से जुड़ी समस्याओं पर भी जताई नाराजगी
किसानों ने पंचायत में राजस्व विभाग से जुड़ी कई समस्याएं भी उठाईं। उन्होंने खतौनी में नाम की त्रुटियों को जल्द ठीक कराने, आय और जाति प्रमाण पत्र समय पर जारी करने और लेखपालों द्वारा अनावश्यक चक्कर न लगवाने की मांग की। इसके अलावा डूब क्षेत्र के दाखिल-खारिज मामलों को जल्द निपटाने और गांवों में आधार कार्ड, वृद्धा और विधवा पेंशन के लिए कैंप लगाने की भी मांग रखी गई। संगठन मंत्री बॉबी नागर ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो तहसील स्तर पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। पंचायत की अध्यक्षता रणवीर शर्मा और संचालन एडवोकेट कपिल नागर ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






