ग्रेटर नोएडा में रात को सोया परिवार, सुबह उठे तो उड़ गए होश, अलमारी मिली टूटी, लाखों के गहने हो गए चोरी

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में नकाबपोश चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ली। सीसीटीवी में पांच संदिग्ध कैद हुए, पुलिस जांच में जुटी है।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। मौहमदपुर गुर्जर गांव में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पार कर दी। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह तब हुई जब परिवार के लोग उठे और घर का सामान बिखरा मिला। अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे करीब 70 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवर गायब थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।


सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश बदमाश

पीड़ित जसराम नागर ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में पांच संदिग्ध युवक नकाब पहनकर गली में आते-जाते और वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे साफ है कि बदमाश पहले से ही इलाके की रेकी कर चुके थे। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


पुलिस जांच में जुटी, गश्त बढ़ाने की मांग

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *