नोए़डा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट में योगदान के लिए GACS ने जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह को किया सम्मानित

top-news
ग्रेटर नोएडा में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना में योगदान के लिए GACS द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने इसे जनता और किसानों का सम्मान बताया और क्षेत्र को आर्थिक हब बनाने का लक्ष्य दोहराया।

ग्रेटर नोएडा में जेवर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र सिंह को ग्लोबल एसोसिएशन फॉर कॉर्पोरेट सर्विसेज (GACS) द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा परियोजना को साकार करने में उनके योगदान और क्षेत्रीय विकास के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद विधायक ने इसे अपना नहीं, बल्कि जेवर क्षेत्र की जनता और किसानों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग और त्याग के बिना यह परियोजना संभव नहीं हो पाती और यह उपलब्धि उन्हीं को समर्पित है।


किसानों के योगदान को बताया सबसे अहम
सम्मान मिलने के बाद विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट परियोजना में सबसे बड़ा योगदान क्षेत्र के किसानों का है, जिन्होंने विकास के लिए अपनी जमीन दी। उन्होंने किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बनेगा। उन्होंने GACS के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और निवेश को बढ़ावा देने का मजबूत आधार है। इस परियोजना से क्षेत्र में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिलेगा।


जेवर को आर्थिक केंद्र बनाने का लक्ष्य
विधायक ने कहा कि उनका लक्ष्य जेवर क्षेत्र को एक प्रमुख आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा हों। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके इसी विजन और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने GACS प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक ऊर्जा के साथ क्षेत्र के विकास के लिए काम करने की प्रेरणा देगा। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में कर्नल अशोक प्रभाकर, अनिल थडानी, गैरी सिंह, विवेक सिंह, गौतम वर्मा, आईपी सिंह और चमन सिंह समेत कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *