ग्रेटर नोएडा में भिड़ गए दो सांड, कोतवाली के पास मेन रोड पर मची अफरा-तफरी, घंटो उत्पात मचाया

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में दो सांडों की लड़ाई से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानों का सामान टूट गया और लोग जान बचाकर भागे। स्थानीय लोग लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या से परेशान हैं।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली के पास मुख्य सड़क पर बुधवार शाम दो सांडों के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थिति इतनी खतरनाक हो गई थी कि कई लोग घायल होने से बाल-बाल बच गए। घटना के दौरान कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।


दुकानों का सामान टूटा, पुलिसकर्मी भी आया चपेट में आने से बचा
सांडों की लड़ाई इतनी भीषण थी कि आसपास की दुकानों के बाहर रखा सामान टूटकर बिखर गया, जिससे दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद था, जो इस भिड़ंत की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, काफी देर तक दोनों सांड एक-दूसरे से भिड़ते रहे। बाद में लोगों ने पानी डालकर किसी तरह उन्हें वहां से भगाया, तब जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।


आवारा सांडों से लोग परेशान, कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में आवारा सांडों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इस संबंध में कई बार प्राधिकरण और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि हर महीने सांडों के कारण लोग घायल हो रहे हैं और कई बार बड़े हादसे भी हो चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या के प्रति लापरवाह नजर आ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने और आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *