सूरजपुर पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनामी वांछित बदमाश दबोचा, एक तमंचा समेत जिंदा कारतूस बरामद
- Shiv Kumar
- 26 Mar, 2026
नोएडा के सूरजपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से ग्राम खेड़ी कट के पास से अभिषेक गौतम उर्फ रवि को दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे थे। डीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
संगठित गैंग बनाकर करता था चोरी की वारदातें
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभिषेक गौतम अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता था। यह गैंग घरों में घुसकर चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देता था और इससे आर्थिक लाभ कमाता था। इलाके में हुई कई चोरी की घटनाओं में उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सूरजपुर थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इसमें चोरी, अवैध हथियार और अन्य आपराधिक धाराओं के मामले शामिल हैं। उसकी लगातार तलाश की जा रही थी और आखिरकार पुलिस ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस, आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि उसके साथ इस गैंग में और कौन-कौन शामिल हैं और किन-किन घटनाओं में उसकी भूमिका रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






