महाकुंभ से नोएडा लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस और डंपर में टक्कर, दो महिलाओं की मौत और 25 घायल

top-news
नोएडा सेक्‍टर-128 से एक निजी बस में सवार होकर लगभग 25 से 30 लोग प्रयागराज कुंभ स्‍नान के लिए गए थे।

Noida: इटावा में भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज महाकुंभ से स्‍नान कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी निजी बस की तेज रफ्तार बस डंपर से टकरा गई। टक्कर लगते ही बस में सवार श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई और 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के शिकार हुए सभी लोग नोएडा के रहने वाले हैं। हादसा सोमवार को सुबह छह बजे उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में स्थित थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के नेशनल हाई-वे पर भरथना चौराहे के पास हुआ।

 

नोएडा के लोग महाकुंभ में गए थे नहाने

जानकारी के अनुसार, नोएडा सेक्‍टर-128 से एक निजी बस में सवार होकर लगभग 25 से 30 लोग प्रयागराज कुम्‍भ स्‍नान के लिए गए थे। सोमवार तड़के प्रयागराज से कुम्‍भ स्‍नान कर लौट रहे सभी श्रद्धालु आगरा-कानपुर एक्‍सप्रेस-वे के रास्‍ते वापस नोएडा लौट रहे थे। इसी दौरान इटावा के करीब बस एक डंपर से टकरा गई। जिससे घटनास्‍थल पर चीख पुकार मच गई। हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्‍त हो गई थी।

नोएडा की रहने वाली दो महिलाओं की मौत

सूचना पाकर पुलिस एवं राहत बचाव दल भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान नोएडा की रहने वाली मीरा (55) और नीलू (35) निवासी नोएडा सेक्‍टर-128 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की मुख्‍य वजह बस चालक को नींद की झपकी को माना जा रहा है।


पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना फ्रेंण्डस कालोनी पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुचकर घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। इसके साथ ही 2 मृतक महिलाओं के शव का पंचायतनामा भर अग्रिम कार्यवाही प्रचलित है ।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *