ग्रेटर नोएडा में जातिसूचक गालियां देना मुर्गा फार्म के मालिक को पड़ा महंगा, मजदूर ने मार डाला

top-news
ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में मुर्गा फार्म हाउस पर मालिक की हत्या का मामला सामने आया है। काम को लेकर डांट से नाराज नौकर ने सोते समय हमला कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

दादरी के जारचा थाना क्षेत्र के खटाना गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मुर्गा फार्म हाउस पर मालिक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि काम को लेकर डांट से नाराज नौकर ने ही इस घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


डांट से नाराज होकर बनाई हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार, खटाना गांव निवासी पूर्व प्रधान जयवीर सिंह का बेटा 33 वर्षीय प्रशांत उर्फ चीची गांव के बाहर मुर्गा फार्म चलाता था। फार्म पर बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र के टोली गांव निवासी सूखा उर्फ यशपाल और खालोर गांव निवासी हरदम सिंह काम करते थे। दोनों वहीं रहकर फार्म की देखरेख करते थे। कुछ दिन पहले प्रशांत ने सूखा उर्फ यशपाल को काम में लापरवाही को लेकर डांटा था, जिससे वह नाराज हो गया। पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर उसने एक सप्ताह पहले ही हत्या की योजना बना ली थी और अपने साथी हरदम को भी इसके बारे में बताया था।


रात में सोते समय किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है, जब प्रशांत फार्म हाउस पर ही सो रहा था। इसी दौरान सूखा उर्फ यशपाल ने उस पर हमला कर दिया। उसने पहले गर्दन पर चाकू से कई वार किए और फिर लोहे के पाइप से सिर पर हमला किया, जिससे प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया। बाद में दूसरे नौकर ने परिजनों को सूचना दी कि प्रशांत की हत्या हो गई है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दोनों नौकरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें यशपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और लोहे का पाइप बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *