ग्रेटर नोएडा में नमाज पढ़ने निकला मजदूर कई दिनों से लापता, परिजनों को नहीं मिला कोई सुराग, पुलिस में शिकायत दर्ज
- Shiv Kumar
- 28 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के हतेवा गांव से एक मजदूर के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह नमाज पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। कई दिन बीत जाने के बाद भी जब उसका सुराग नहीं लगा, तो मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। घटना के बाद से उसके परिजन और साथियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
नमाज के लिए निकले, फिर नहीं लौटे घर
मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के रहने वाले 50 वर्षीय तकफुल शेख दनकौर क्षेत्र में मजदूरी का काम करते थे। उनके ठेकेदार राहुल शेख ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 21 मार्च को तकफुल शेख बिलासपुर स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने की बात कहकर घर से निकले थे। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शुरुआत में साथियों ने सोचा कि वह किसी काम से बाहर रुक गए होंगे, लेकिन देर रात तक जब वह नहीं आए तो चिंता बढ़ने लगी। इसके बाद परिजनों और परिचितों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं भी उनका कोई सुराग नहीं मिला।
मोबाइल बंद, बढ़ी परिजनों की चिंता
लापता मजदूर का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिवार की बेचैनी और बढ़ गई है। कई दिनों तक खुद तलाश करने के बाद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तब ठेकेदार ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों का कहना है कि तकफुल बिना बताए कहीं नहीं जाते थे, इसलिए उनकी गुमशुदगी को लेकर कई तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में तलाश की जा रही है और जरूरी तकनीकी मदद भी ली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लापता मजदूर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं परिवार के लोग अब पुलिस से जल्द कार्रवाई और तकफुल को सुरक्षित खोजने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






