ग्रेटर नोएडा में फिर अटकी लिफ्ट, 20 मिनट तक बंद रहने से महिला बेहोश, हिमालय प्राईड सोसायटी में घटना, मेंटीनेंस पर उठे सवाल

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हिमालय प्राईड सोसाइटी में लिफ्ट खराब होने से महिला 20 मिनट तक फंसी रहीं। बाहर निकलते ही वह बेहोश हो गईं। पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे सोसाइटी के लोगों में गुस्सा और डर बना हुआ है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हिमालय प्राईड सोसाइटी में लिफ्ट खराब होने का एक और गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक महिला करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं। गर्मी और घुटन के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और बाहर निकलते ही वह बेहोश हो गईं। जानकारी के मुताबिक, बी-10/14 टावर की रहने वाली शीला रोज की तरह लिफ्ट से अपने फ्लोर पर जा रही थीं, तभी अचानक लिफ्ट 10वें और छठे फ्लोर के बीच रुक गई। काफी देर तक कोई मदद नहीं मिलने से उनकी घबराहट बढ़ती गई और स्थिति और खराब हो गई।


20 मिनट तक फंसी रहीं, बाहर आते ही बिगड़ी हालत

लिफ्ट में फंसी महिला को करीब 20 मिनट बाद रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। इस दौरान अंदर गर्मी और ऑक्सीजन की कमी जैसी स्थिति बन गई थी। जैसे ही महिला बाहर आईं, वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला, पानी पिलाया और प्राथमिक मदद दी। इसके बाद उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि अगर थोड़ी और देर हो जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। इस घटना के बाद लोगों में डर और नाराजगी दोनों साफ नजर आ रही है।


पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं, लोगों में गुस्सा

सोसाइटी की एओए अध्यक्ष सीमा भंडारी ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब लिफ्ट में खराबी आई हो। इससे पहले रामनवमी के दिन भी 10 बच्चों समेत 12 लोग करीब 45 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे थे। उस समय भी काफी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। निवासियों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिल्डर और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। मेंटेनेंस में लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने और लिफ्ट सिस्टम को दुरुस्त कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *