नोएडा में हत्या के मामले में पुलिस का सख्त एक्शन, धरे गए तीन आरोपी, सर्विलांस की मदद से पकड़े गए बदमाश

top-news
ग्रेटर नोएडा में युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की थी, तीन गिरफ्तार।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने हत्या को सड़क हादसे का रूप देने और शव को छिपाने की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार, हथियार और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मृतक की पहचान अमित उर्फ भोंचू के रूप में हुई है।


पुरानी रंजिश में रची गई हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अमित उर्फ भोंचू के खिलाफ एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज था, जिसमें वह पहले जेल जा चुका था। इस मामले को लेकर आरोपी अमरपाल और मृतक के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हत्या की साजिश बनाई। 23 मार्च को अमरपाल अपने साथियों अमित कुमार और सनी के साथ मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम गया था। वहीं से लौटते समय उसे सूचना मिली कि मृतक उसके घर के आसपास देखा गया है, जिसके बाद उसने हत्या की योजना को अंजाम देने का फैसला किया।


कार से कुचलकर और लोहे के पाना से हमला

25 मार्च को परीचौक के पास आरोपियों की मुलाकात अमित उर्फ भोंचू से हुई। कहासुनी के बाद मृतक वहां से भागने लगा, तभी अमरपाल ने अपनी इको कार उस पर चढ़ा दी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसे कार में डाल लिया और लोहे के पाना से सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ग्राम सफीपुर के पास एक सुनसान कच्चे रास्ते पर फेंक दिया, ताकि इसे सड़क हादसा दिखाया जा सके।


इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से पकड़े गए आरोपी

मामले की जांच में जुटी पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से इको कार, हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाना, तीन मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *