प्रतिबंधित कछुए ले जा रहा था युवक, पुलिस ने तस्कर को किया गिरफ्तार, 16 कछुए बरामद

top-news
ग्रेटर नोएडा की जारचा पुलिस ने 16 प्रतिबंधित कछुओं के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मोपेड और कछुए पकड़ने का जाल भी बरामद हुआ। वन विभाग को कछुए सौंपकर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के थाना जारचा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कछुओं की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। आरोपी को समाना नहर से बुलंदशहर की ओर जाने वाली सड़क से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 16 प्रतिबंधित कछुए, एक विक्की (मोपेड) और कछुए पकड़ने का जाल बरामद किया गया है। बरामद कछुओं को वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया है।


गोपनीय सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित कछुओं की तस्करी के लिए इलाके से गुजरने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में कछुए बरामद हुए। पूछताछ में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।


हरियाणा निवासी आरोपी, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम में केस दर्ज

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गगन पुत्र सेठपाल के रूप में हुई है, जो हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला गंभीर है और इससे जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।


वन्य जीवों की तस्करी पर सख्त नजर

पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित वन्य जीवों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई से न सिर्फ वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि अवैध कारोबार करने वालों पर भी लगाम लगती है। आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *