दनकौर में सपेरे समुदाय की झुग्गियों को लील गई आग, 15 से अधिक गरीब आशियाने जलकर राख, अब न रहने का जुगाड़ न खाने-पीने का इंतजाम
- Shiv Kumar
- 02 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र के ननुआ का राजपुर गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सपेरे समुदाय की झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 15 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और परिवारों को अपनी जान बचाकर बाहर भागना पड़ा।
दमकल के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने किया प्रयास
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने में देरी हो गई। इस बीच गांव के लोगों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश की। बाल्टियों और पाइप के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तेज लपटों और हवा के कारण आग लगातार फैलती रही। हालात इतने गंभीर हो गए कि किसी को झुग्गियों के अंदर जाकर सामान निकालने का मौका नहीं मिला।
पीड़ितों के सामने छत और खाने का संकट
इस आगजनी में सोनू, अंगूरी, ईश्वर और कली समेत कई परिवार पूरी तरह प्रभावित हुए हैं। पीड़ितों ने बताया कि उनके घर में रखा राशन, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और रोजमर्रा का सामान सब कुछ जलकर खाक हो गया। अब हालात ऐसे हैं कि कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। बच्चों और बुजुर्गों के सामने रहने और खाने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।
जनहानि नहीं, लेकिन नुकसान भारी, जांच जारी
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा है। खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और राहत-बचाव का काम जारी था। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन से पीड़ित परिवारों को जल्द राहत देने की मांग भी उठने लगी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






