ग्रेटर नोएडा में 13 साल की किशोरी किडनैप, तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी पुलिस
- Shiv Kumar
- 02 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित चपरगढ़ गांव से 13 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से परिजन बेहद परेशान हैं और लगातार बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं। बुधवार शाम को परिवार के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली भी पहुंचे और पुलिस से जल्द कार्रवाई की गुहार लगाई।
घर के काम से निकली थी, फिर नहीं लौटी वापस
पीड़ित पिता दिनेश के अनुसार, उनकी बेटी मंगलवार दोपहर घर के काम से बाहर गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। पहले परिवार ने अपने स्तर पर आसपास तलाश की, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से पूछताछ की, लेकिन कहीं भी उसका सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
पुरानी रंजिश में अपहरण का आरोप
परिजनों ने मिर्जापुर गांव के रहने वाले सुमित समेत तीन लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों से पहले से ही विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। परिवार का दावा है कि आरोपी उनके घर के पास एक कंपनी में काम करते हैं और पहले भी कई बार विवाद हो चुका है।
पुलिस की कई टीमें गठित, तलाश जारी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह के मुताबिक, किशोरी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






