ग्रेटर नोएडा में NPS-UPS के विरोध में सड़क पर उतरे शिक्षक कर्मचारी, पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर मनाया काला दिवस
- Shiv Kumar
- 02 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के बिसरख क्षेत्र में बुधवार को शिक्षकों और कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। All Teachers Employees Welfare Association के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर पहुंचे और ‘काला दिवस’ मनाया। कर्मचारियों ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) और उत्तर प्रदेश पेंशन प्रणाली (UPS) का विरोध करते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) को लागू करने की मांग दोहराई।
हर साल 1 अप्रैल को मनाया जाता है ‘काला दिवस’
इस कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के पदाधिकारियों ने किया। जिला अध्यक्ष रविंदर सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल वह दिन है, जब कर्मचारियों की पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त की गई थी। इसी कारण हर साल इस दिन को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
कर्मचारियों ने बताया संवैधानिक अधिकार
जिला महामंत्री जगबीर भाटी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है और इसे बहाल किया जाना चाहिए। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नौरंगी देवी ने भी स्पष्ट किया कि जब तक OPS लागू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों का कहना है कि नई पेंशन व्यवस्था में उन्हें भविष्य की सुरक्षा नहीं मिल रही है, जिससे उनके सामने आर्थिक असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन में दिखी एकजुटता
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने एकजुटता का संदेश दिया और कहा कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






