ट्रेडिंग में मुनाफा दिखाकर एमबीए पास युवक से ठगे 91 लाख, फोन पर आया था लिंक, फिर हो गया बड़ा कांड
- Shiv Kumar
- 02 Apr, 2026
नोएडा में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां निवेश में मोटा मुनाफा दिखाकर एमबीए पास युवक से करीब 91 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित अक्षत सिंह, जो एक निजी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं, को 1 मार्च को मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया। इस लिंक के जरिए एक ऐप डाउनलोड कराया गया, जिसे शेयर बाजार और आईपीओ ट्रेडिंग से जुड़ा बताया गया। शुरुआती निवेश पर मुनाफा दिखाकर ठगों ने युवक का भरोसा जीत लिया और धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करवा ली।
शुरुआत में मुनाफा दिखाकर फंसाया जाल में
पीड़ित के अनुसार, ठगों ने खुद को “मार्क सिक्योरिटीज लिमिटेड” कंपनी का कर्मचारी बताया और दावा किया कि उनकी कंपनी SEBI से रजिस्टर्ड है। आरोपियों ने अपने नाम डॉ. राजीव सिंह, खुशी गोयल और मीनाक्षी बताए। शुरुआत में युवक ने 50 हजार रुपये निवेश किए, जिस पर उसे मुनाफा दिखाया गया। इससे उसका भरोसा बढ़ा और वह लगातार निवेश करता गया।
कुछ ही दिनों में 51 लाख से ज्यादा लगाए
ठगों के झांसे में आकर युवक ने 5 मार्च से 12 मार्च के बीच अलग-अलग किस्तों में करीब 51.5 लाख रुपये निवेश कर दिए। ऐप में लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा, जिससे उसे लगा कि उसका पैसा सुरक्षित है। इसी भरोसे में वह आगे भी निवेश करता रहा और कुल रकम 91 लाख से ज्यादा हो गई।
कैपिटल गेन टैक्स के नाम पर खुला राज
27 मार्च को जब युवक ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उसे एक दिन इंतजार करने को कहा गया। इसके बाद 30 मार्च को उससे 5.75 लाख रुपये “कैपिटल गेन टैक्स” के नाम पर जमा करने को कहा गया। यहीं से उसे शक हुआ। जांच करने पर उसे पता चला कि टैक्स से जुड़ी जानकारी फर्जी है और लिंक भी किसी संदिग्ध संस्था से जुड़ा है। तब उसे एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो चुकी है।
पुलिस जांच में जुटी, खातों की हो रही जांच
पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल के अनुसार, जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच की जा रही है। आशंका है कि ठगी की रकम किराये के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश में जुटी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






