नोएडा में रक्षा मंत्रालय के अधिकारी को कुत्ते ने काटा, 13 जगह घाव, पत्नी के साथ सोसाइटी में टहलते समय दौड़ाया
- Shiv Kumar
- 04 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में आवारा कुत्तों का खतरा एक बार फिर सामने आया है। जेवर थाना क्षेत्र की अजनारा पनोरमा सोसाइटी में शुक्रवार को एक आवारा कुत्ते ने रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी डॉ. दीर्घ नारायण पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके शरीर पर 13 जगहों पर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाया गया। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पत्नी के सामने हुआ हमला, मुश्किल से बची जान
डॉ. दीर्घ नारायण ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ सोसाइटी परिसर में टहल रहे थे, तभी अचानक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता लगातार हमला करता रहा। उनकी पत्नी ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कुत्ता नहीं माना। काफी देर तक चले इस हमले के बाद जब लोगों की भीड़ जुटी, तब जाकर कुत्ते को भगाया जा सका। घटना के बाद उन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।
सोसाइटी में पहले से बनी है आवारा कुत्तों की समस्या
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अजनारा पनोरमा सोसाइटी में करीब 50 परिवार रहते हैं और यहां लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है। लोगों ने कई बार यमुना विकास प्राधिकरण से शिकायत भी की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना के बाद निवासियों में डर का माहौल है और लोग बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
कार्रवाई की मांग, पुलिस को दी गई शिकायत
घटना के बाद परिजनों और सोसाइटी के लोगों ने दनकौर पुलिस से शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और शेल्टर होम भेजने की प्रक्रिया सही तरीके से लागू नहीं हो रही है, जबकि इसको लेकर पहले भी निर्देश दिए जा चुके हैं। अब लोग चाहते हैं कि प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






