ग्रेटर नोएडा में दबंगों के हौसले बुलंद, घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और बेटे से की मारपीट, घटना CCTV में कैद
- Shiv Kumar
- 04 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग माता-पिता और उनके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि घटना के चार दिन बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
नाक फ्रैक्चर, दांत टूटा, गंभीर चोटें आईं
पीड़ित मनीष ने बताया कि 30 मार्च को उनका पड़ोसियों से विवाद हुआ था। इसके बाद दबंग उनके घर में घुस आए और उनके बुजुर्ग माता-पिता के साथ-साथ उनके साथ भी मारपीट की। इस हमले में मनीष की नाक फ्रैक्चर हो गई, एक दांत टूट गया और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। परिवार का कहना है कि हमले के दौरान आरोपियों ने किसी भी तरह की दया नहीं दिखाई और लगातार हमला करते रहे।
धमकियों से डरा परिवार, कार्रवाई की मांग
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे परिवार दहशत में है और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस में शिकायत दी, लेकिन चार दिन बीतने के बाद भी कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस बोली- जांच जारी, वैधानिक कार्रवाई की जा रही
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, CCTV फुटेज को भी खंगाला जा रहा है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच भी डर का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






