ग्रेटर नोएडा में कई घरों के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन, ग्रामीणों ने सीएम पोर्टल पर की शिकायत, कार्रवाई की मांग
- Shiv Kumar
- 04 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में जर्जर हाईटेंशन बिजली लाइनें ग्रामीणों के लिए बड़ा खतरा बन गई हैं। घरों के ऊपर से गुजर रही इन लाइनों को लेकर अब ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। लोगों का कहना है कि कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन बिजली विभाग अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
जर्जर तार और खंभे, हर समय हादसे का खतरा
आछेपुर समेत आसपास के कई गांवों में हाईटेंशन लाइनें बेहद खराब हालत में हैं। ये लाइनें सीधे लोगों के घरों के ऊपर से गुजर रही हैं, जिससे हमेशा डर बना रहता है। जिन खंभों पर ये तार लगे हैं, वे भी कमजोर और क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि कई जगह ग्रामीणों ने खंभों को गिरने से बचाने के लिए रस्सियों से बांध रखा है। बारिश और तेज हवा के दौरान हालात और ज्यादा खतरनाक हो जाते हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे, कई लोगों की जा चुकी है जान
ग्रामीणों का कहना है कि इन जर्जर लाइनों की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कुछ लोगों की करंट लगने से मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलसकर दिव्यांग हो गए हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी सिर्फ आश्वासन ही मिलता है, लेकिन जमीन पर कोई बदलाव नहीं दिखता। इससे ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।
CM पोर्टल पर शिकायत, जल्द कार्रवाई की मांग
समस्या से परेशान होकर शुक्रवार को गांव के कई लोगों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत करने वालों में राजवीर सिंह, मोमराज सिंह, प्रमोद सिंह, रघुवीर सिंह, राम नारायण, धर्मसिंह और हरकेश समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन जर्जर हाईटेंशन लाइनों को जल्द से जल्द हटाया जाए या सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। अब सभी की नजर इस पर है कि शिकायत के बाद प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






