नोएडा की सोसाइटी में मेड की तलाश पड़ी भारी, बुजुर्ग महिला को किया बेहोश, फिर जो हुआ जानकर शॉक्ड हो जाएंगे आप
- Shiv Kumar
- 04 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के आम्रपाली किंग्सवुड सोसाइटी में दिनदहाड़े चोरी की चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ठग मेड बनकर घर में घुसी और बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद वह मंगलसूत्र और नकदी लेकर फरार हो गई। घटना 3 अप्रैल की दोपहर की बताई जा रही है, जब घर में 6 महीने की बच्ची के साथ बुजुर्ग महिला अकेली थीं। परिवार के सदस्य धर्मींदर मिश्रा के अनुसार, वे उस समय उत्तराखंड में थे, जबकि उनकी पत्नी ऑफिस गई हुई थीं। घर के लिए नैनी और कुक की तलाश चल रही थी, जिसके चलते सोसाइटी ग्रुप में भी संपर्क किया गया था। इसी का फायदा उठाकर ठग महिला घर तक पहुंच गई और वारदात को अंजाम दे गई।
मेड का काम मांगने आई, मौका मिलते ही वारदात को दिया अंजाम
पीड़ित बुजुर्ग महिला के मुताबिक, दोपहर में एक महिला मेड का काम मांगते हुए आई थी। उन्होंने कहा कि बहू आने पर बात होगी, लेकिन महिला ने घर देखने का बहाना बनाकर अंदर घुसने की अनुमति ले ली। जैसे ही वह अंदर पहुंची, उसने अचानक बुजुर्ग पर नशीला पदार्थ फेंक दिया, जिससे वे बेहोश हो गईं। इसके बाद ठग महिला ने घर में रखे मंगलसूत्र और करीब चार से पांच हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। उसने घर के दूसरे कमरे भी खंगाले और मास्टर बेडरूम की अलमारी खोलने की कोशिश की, लेकिन चाबी फंस जाने के कारण वह सफल नहीं हो सकी।
घर में सो रही थी 6 महीने की बच्ची, परिवार में दहशत
इस घटना का सबसे डरावना पहलू यह रहा कि वारदात के दौरान घर में 6 महीने की मासूम बच्ची भी मौजूद थी, जो उस समय सो रही थी। परिवार का कहना है कि अगर ठग महिला बच्ची को नुकसान पहुंचाती या उसे लेकर फरार हो जाती, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। शाम करीब चार बजे जब परिवार को घटना की जानकारी मिली तो तुरंत 112 पर कॉल किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित महिला उस समय सदमे में थीं और ठीक से बात भी नहीं कर पा रही थीं।
सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार का आरोप है कि सोसाइटी में न तो पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही आने-जाने वालों की ठीक से जांच होती है। जब उन्होंने मेंटेनेंस ऑफिस से शिकायत की तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और जांच जारी है। एडिशनल डीसीपी भी मौके पर पहुंचे और मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






