दनकौर में किसान एकता संघ का प्रदर्शन, नगर पंचायत को सौंपा ज्ञापन, किसानों की समस्याओं को निस्तारित करने की मांग
- Shiv Kumar
- 04 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा। दनकौर नगर में बुनियादी सुविधाओं की खराब स्थिति को लेकर किसान एकता संघ ने शुक्रवार को नगर पंचायत को ज्ञापन सौंपा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और शहर की प्रमुख समस्याओं के जल्द समाधान की मांग उठाई। ज्ञापन में साफ कहा गया कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
सफाई और गंदगी बनी सबसे बड़ी समस्या
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि दनकौर नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मनोज नागर ने बताया कि गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। लोगों का कहना है कि नियमित सफाई न होने से हालात दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं और नगर की छवि भी प्रभावित हो रही है।
बिजली, सड़क और डंपिंग ग्राउंड की परेशानी
ज्ञापन में बिजली आपूर्ति की अनियमितता को भी प्रमुख मुद्दा बताया गया। लगातार बिजली कटौती से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा सलारपुर अंडरपास के पास स्थित डंपिंग ग्राउंड को भी हटाने की मांग की गई, क्योंकि इससे आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। संगठन ने नगर की जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या को भी उठाया, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।
अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग
किसान एकता संघ ने पानी के बिलों के नाम पर हो रही कथित अवैध वसूली को भी गंभीर मुद्दा बताया। संगठन का कहना है कि इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर पंचायत ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। इस दौरान सोरन प्रधान, सीमा सूर्यवंशी, मनोज नागर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






