ग्रेटर नोएडा में तेज गाने बजाने पर बवाल, युवक को हॉकी से पीटा, हॉस्टल संचालक पर मारपीट का आरोप
- Shiv Kumar
- 06 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में शनिवार रात एक युवक पर हॉकी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित गोमेश सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बताया गया कि सोसायटी में रहने वाले एक हॉस्टल संचालक द्वारा तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ। शोर-शराबे से परेशान होकर पहले युवक की मां ने आरोपी को गाने बंद करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद मामला बढ़ गया और युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मां के विरोध के बाद बढ़ा विवाद, हॉकी से किया हमला
पीड़ित गोमेश सिंह के अनुसार, आरोपी ने उनके घर के सामने गाड़ी खड़ी कर तेज आवाज में गाने बजाए, जिससे परिवार को परेशानी हो रही थी। जब उनकी मां ने इसका विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौच करने लगा। शोर सुनकर गोमेश मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी विरोध किया। इसी दौरान आरोपी ने अचानक हॉकी से हमला कर दिया, जिससे गोमेश घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई का आश्वासन
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दनकौर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसायटी में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






