नोएडा में एनपीसीएल के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, 20 अप्रैल को बड़े आंदोलन की चेतावनी

top-news
नोएडा में एनपीसीएल के खिलाफ किसानों और उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन कर मनमानी वसूली और गलत बिलिंग के आरोप लगाए। समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया और चेतावनी दी गई कि 20 अप्रैल को बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

नोएडा। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के बैनर तले एनपीसीएल के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी के आव्हान पर जिलाध्यक्ष जोगेंद्र नागर उर्फ खिज्जू पहलवान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों और उपभोक्ताओं ने एनपीसीएल पर मनमानी और शोषण के गंभीर आरोप लगाए। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि बिजली कनेक्शन और बिलिंग के नाम पर उपभोक्ताओं से भारी रकम वसूली जा रही है, जिससे आम जनता परेशान है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से इन समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की गई है।


नए कनेक्शन और बिलिंग को लेकर गंभीर आरोप

संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं महासचिव विपिन खारी ने आरोप लगाया कि एनपीसीएल नए बिजली कनेक्शन के नाम पर उपभोक्ताओं से 25 हजार रुपये तक वसूल रहा है। दूरी बढ़ने पर 70 रुपये प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से अतिरिक्त चार्ज लिया जा रहा है, जबकि पहले ऐसा कोई नियम नहीं था। इसके अलावा मीटर रीडिंग तेज होने और बिलिंग में गड़बड़ी के कारण उपभोक्ताओं को अनाप-शनाप बिल मिल रहे हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी शौकत अली चेची ने कहा कि कंपनी ने बिजली दरों को अलग-अलग जोनों में बांटकर उपभोक्ताओं का शोषण किया है और झूठे मुकदमे दर्ज कराकर लोगों को परेशान किया जा रहा है।


समस्या हल न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एनपीसीएल ने जल्द सुधार नहीं किया तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सूचना के कनेक्शन काटना, उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करना और अवैध चार्ज वसूलना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष जोगेंद्र पहलवान ने कहा कि जब तक सभी मांगों का लिखित समाधान नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने घोषणा की है कि 20 अप्रैल 2026 को नॉलेज पार्क स्थित एनपीसीएल कार्यालय पर हजारों की संख्या में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *