ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़, रंजिश में बुजुर्ग को गोली मारने वाला गिरफ्तार, पुलिस ने आरोपी को किया लंगड़ा, अस्पताल में भर्ती
- Shiv Kumar
- 07 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में बुजुर्ग को गोली मारने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर हुई इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह वारदात अट्टा फतेहपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते हुई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया।
खेत पर काम कर रहे बुजुर्ग को मारी थी गोली
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कायदे आजम के रूप में हुई है। उसने सोमवार सुबह अपने पड़ोसी कासिम को उस समय गोली मार दी थी, जब वह खेत पर काम कर रहे थे। गंभीर रूप से घायल कासिम को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






