दादरी में दुर्गा मंदिर से चांदी का छत्र चोरी, सुबह पुजारी के पहुंचने पर हुआ खुलासा, पुलिस कर रही छानबीन
- Shiv Kumar
- 07 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में एक बार फिर मंदिर को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बिसाहड़ा रोड स्थित दुर्गा मंदिर में देर रात चोरों ने सेंध लगाकर माता की मूर्ति पर लगा चांदी का छत्र और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह जब पुजारी पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। खास बात यह है कि पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।
सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, बैग में भरकर ले गया छत्र
जानकारी के मुताबिक, चोर देर रात मंदिर में दाखिल हुआ और उसने करीब 3 किलो से अधिक वजन का चांदी का छत्र और सोने की नथ को निशाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी मंदिर के अंदर घुसकर दुर्गा मां की मूर्ति से छत्र उतारता है और उसे अपने बैग में रखकर फरार हो जाता है। चोरी का अंदाजा सुबह तब लगा जब पुजारी ने मंदिर खोला और माता के श्रृंगार का सामान गायब पाया। इसके बाद तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड मिली।
पहले भी हो चुकी हैं वारदातें, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी दादरी क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






