ग्रेटर नोएडा में हो रही थी LPG गैस की अवैध रिफिलिंग, अचानक पड़ गया छापा, 13 सिलेंडर जब्त

top-news
दादरी में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ कार्रवाई में 13 सिलेंडर और उपकरण जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

ग्रेटर नोएडा। दादरी क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक घर में छापा मारकर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है। थाना दादरी क्षेत्र के नत्थू चौक स्थित तुलसी विहार कॉलोनी में विनय कुमार के मकान पर की गई इस कार्रवाई में घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग करते हुए आरोपी को पकड़ा गया। मौके से कुल 13 गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की गतिविधियां न केवल गैस आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि बड़े हादसों का खतरा भी पैदा करती हैं, जिससे आसपास के लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।


तीन कंपनियों के सिलेंडर और उपकरण बरामद
प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि छापेमारी के दौरान भारत पेट्रोलियम के 2 भरे और 2 खाली सिलेंडर, इंडियन ऑयल के 6 खाली सिलेंडर और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 3 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। सभी सिलेंडर 14.2 किलोग्राम क्षमता के थे। इसके अलावा एक 5 किलोग्राम का नॉन-आईएसआई सिलेंडर भी मिला, जिसमें गैस भरी जा रही थी। टीम ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, रिफिलिंग नोजल युक्त मशीन, रबर पाइप और रेगुलेटर जैसे उपकरण भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल इस अवैध कारोबार में किया जा रहा था।


आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज, जांच जारी
जांच में सामने आया कि आरोपी घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरकर आर्थिक लाभ कमा रहा था। यह कृत्य एलपीजी आपूर्ति नियमों का गंभीर उल्लंघन है और द्रवित पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण) आदेश-2000 के तहत दंडनीय अपराध है। पुलिस ने विनय कुमार और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और आगे भी ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *