यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सर्किल रेट बढ़ाने की मांग, जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने सीईओ को लिखा पत्र
- Shiv Kumar
- 07 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा। जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह को पत्र लिखकर सर्किल रेट और जमीन के मुआवजे की दरें बढ़ाने की मांग उठाई है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में जमीन के बाजार मूल्य में तेजी से वृद्धि हुई है, लेकिन इसके बावजूद सर्किल रेट और मुआवजा दरें लंबे समय से नहीं बदली गई हैं। इससे किसानों और भूस्वामियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने प्राधिकरण से जल्द इस पर निर्णय लेने की अपील की है, ताकि किसानों को उनके हक का उचित मूल्य मिल सके और विकास के साथ न्याय भी सुनिश्चित हो।
बढ़ते बाजार मूल्य के बावजूद दरें स्थिर
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में एयरपोर्ट, औद्योगिक निवेश और बुनियादी ढांचे के तेजी से विकास के चलते जमीन के दामों में भारी उछाल आया है। इसके बावजूद सर्किल रेट और मुआवजा दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इसी तरह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने क्षेत्र में मुआवजा बढ़ाने पर विचार कर रहा है, जो सराहनीय कदम है। ऐसे में यमुना प्राधिकरण को भी किसानों के हित में दरों का पुनर्मूल्यांकन करना चाहिए।
बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाने की मांग
विधायक ने मांग की है कि सर्किल रेट और मुआवजा दरों की समीक्षा कर इसे आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाए। उनका कहना है कि बाजार भाव के अनुरूप मुआवजा तय किया जाना चाहिए, जिससे प्रभावित किसानों को न्यायसंगत और सम्मानजनक भुगतान मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि विकास परियोजनाओं में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी वर्ग के साथ अन्याय न हो।
किसानों के हित और विकास में संतुलन जरूरी
पत्र में विधायक ने स्पष्ट किया कि विकास तभी सार्थक है जब उसमें किसानों का सम्मान और हित सुरक्षित हो। जेवर क्षेत्र के किसानों ने बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के लिए अपनी जमीन दी है, इसलिए उन्हें उचित मुआवजा मिलना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण इस मुद्दे की गंभीरता को समझेगा और जल्द सकारात्मक फैसला लेकर विकास और किसान हित के बीच संतुलन बनाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






