ग्रेटर नोएडा में पुरानी रंजिश में कबड्डी खिलाड़ी पर चढ़ाई कार, गंभीर घायल छात्र की हालत नाजुक, पिता-पुत्र समेत 4 पर केस

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में रंजिश के चलते कार से कुचलने का मामला सामने आया है। एक कबड्डी खिलाड़ी और दसवीं के छात्र गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है।

ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के गुनपुरा गांव में रंजिश के चलते एक राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और दसवीं के छात्र को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।


पिता-पुत्र समेत चार पर केस दर्ज
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी तेजा भड़ाना, उसके बेटे सचिन और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, अभिषेक (राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी) और सक्षम (10वीं का छात्र) सोमवार रात दनकौर कस्बे में पैदल जा रहे थे, तभी सफेद बलेनो कार में सवार आरोपियों ने उन्हें जानबूझकर टक्कर मार दी।


पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
परिजनों का आरोप है कि कुछ समय पहले गांव में किरायेदार को लेकर विवाद हुआ था, जिसे उस समय सुलझा लिया गया था। लेकिन आरोपी पक्ष तभी से रंजिश रखे हुए था और इसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *