राजनाथ बोले- बजरंगबली जैसी शक्ति वाले हैं GEN-Z, आपकी पीढ़ी लेटेस्ट और बेस्ट है..

top-news
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ग्रेटर नोएडा में दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए लक्ष्य तय करने, जिम्मेदारी निभाने और देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने नई पीढ़ी की खूबियां बताते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

ग्रेटर नोएडा। भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज ग्रेटर नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद अब उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, क्योंकि देश का भविष्य अब उनके हाथों में है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य तय करें और अपने कर्तव्यों को कभी न भूलें। कार्यक्रम के दौरान करीब 200 से ज्यादा छात्रों को उपाधि प्रदान की गई, जिसमें 20 शोध उपाधियां भी शामिल रहीं। पूरे समारोह में छात्रों और शिक्षकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।


नई पीढ़ी को बताया सबसे बेहतर, गलत धारणाओं को किया खारिज

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने नई पीढ़ी की तारीफ करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को लेकर अक्सर गलत धारणाएं बनाई जाती हैं, लेकिन हकीकत इससे अलग है। उन्होंने कहा कि आज के युवा मिलकर काम करने में विश्वास रखते हैं, उनमें लचीलापन है और वे अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं। उन्होंने कहा कि नई सोच और नवाचार के कारण यह पीढ़ी देश को नई दिशा देने में सक्षम है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब अनुभव और युवाओं की ऊर्जा एक साथ आएगी, तो देश के विकास को नई गति मिलेगी।


इतिहास और आस्था के उदाहरण से दिया संदेश

रक्षा मंत्री ने अपने भाषण में पौराणिक और ऐतिहासिक उदाहरण भी दिए। उन्होंने कहा कि जैसे हनुमान जी को उनकी शक्ति का अहसास कराया गया था, उसी तरह युवाओं को भी अपनी क्षमता पहचाननी चाहिए। साथ ही उन्होंने बाबा साहब आंबेडकर के जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा और संघर्ष के दम पर इतिहास बदल दिया। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे ऐसे महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लें और अपने जीवन में आगे बढ़ें।


मेंटल हेल्थ और लक्ष्य पर ध्यान देने की सलाह

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन भी जरूरी है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे खुद भी भौतिकी के शिक्षक रह चुके हैं। इस दौरान उन्होंने छात्रों से एक सवाल भी पूछा, जिसका जवाब कोई नहीं दे पाया। अंत में उन्होंने कहा कि जैसे गणित में कुछ मान्यताओं के आधार पर सवाल हल किए जाते हैं, वैसे ही जीवन में आस्था और विश्वास भी जरूरी है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखें और देश को आगे ले जाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *