दनकौर में दो पड़ोसियों के बीच हो रहा था झगड़ा, लड़ाई देख रहे युवक को पीटा, 4 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
- Shiv Kumar
- 14 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में पड़ोसियों के बीच हो रहे विवाद को देखना एक युवक को भारी पड़ गया। झगड़ा देख रहे युवक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झगड़ा देखने पर भड़के आरोपी
पीड़ित योगेश, जो मूल रूप से बुलंदशहर के नरसैना थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव के रहने वाले हैं, फिलहाल दनकौर के ऊंची मोहल्ले में रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार रात उनके घर के पास दो पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। वह अपने कमरे के दरवाजे पर खड़े होकर झगड़ा देख रहे थे। इसी दौरान झगड़ा कर रहे एक पक्ष के लोगों ने उन्हें देख लिया और गाली-गलौज करने लगे।
फावड़े से किया जानलेवा हमला
जब योगेश ने गाली देने का विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने योगेश के सिर पर फावड़े से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इस हमले के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, गिरफ्तारी जल्द
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्रिंस सैनी उर्फ गोलू, हरीश सैनी, सागर सैनी और पवन सैनी सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






