तिलपता गांव में 1200 से अधिक छात्राओं को वितरित की गई निशुल्क ड्रेस, छात्राओं के चेहरे पर खिली मुस्कान
- Shiv Kumar
- 16 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव स्थित भारतीय आदर्श वैदिक बालिका इंटर कॉलेज में एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। यहां 1200 से अधिक छात्राओं को निशुल्क स्कूल ड्रेस वितरित की गई है। इस कार्यक्रम का आयोजन सुमन पॉली पैक कंपनी के संस्थापक जगदीश अधाना की तरफ से किया गया। खास बात यह है कि वह पिछले कई वर्षों से लगातार इस विद्यालय की सभी छात्राओं को हर साल मुफ्त ड्रेस उपलब्ध कराते आ रहे हैं। इस पहल से न सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिली है, बल्कि छात्राओं के चेहरे पर भी खुशी साफ झलकती नजर आई।
सामाजिक जिम्मेदारी निभा रहा उद्योग जगत
ड्रेस वितरण कार्यक्रम में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष सरबजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। उनका संगठन हमेशा इस दिशा में काम करता रहा है और आगे भी जरूरतमंद बच्चों की मदद करता रहेगा। कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया।
शिक्षा में बाधा नहीं बनेगी गरीबी, यही उद्देश्य
जगदीश अधाना ने इस मौके पर कहा कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई केवल ड्रेस या जरूरी संसाधनों की कमी की वजह से नहीं रुकनी चाहिए। उनका प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा बच्चों को शिक्षा के लिए जरूरी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए।
लड़कियों की शिक्षा से समाज को मिलता है बल
कार्यक्रम के दौरान दीपिका अधाना ने कहा कि लड़कियों की शिक्षा बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता मिलती है। एक शिक्षित लड़की न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे समाज को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है। इस मौके पर विशारद गौतम, नवीन गुप्ता, मनोज सरदाना, विजय कुमार गोयल, रहीश राम भाटी, रामधन भाटी, सुभाष, विकास अधाना, रुपेश अधाना, सुमन अधाना, पूनम, मोहित समेत विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






