Breaking News

दिल्ली एयरपोर्ट पर दो विमान टकराए, दोनों प्लेन को पहुंचा नुकसान, सभी यात्री सुरक्षित

top-news
दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट का विमान अकासा एयर के खड़े विमान से टकरा गया। दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। घटना के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब स्पाइसजेट की फ्लाइट पार्किंग एरिया में खड़े अकासा एयर के विमान से टकरा गई। यह घटना करीब दोपहर 2 बजे की बताई जा रही है। टक्कर के बाद दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर हलचल बढ़ गई और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।


पार्किंग एरिया में हुआ हादसा, दोनों विमानों को नुकसान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लेह से आया स्पाइसजेट का विमान गेट की ओर बढ़ रहा था, जबकि अकासा एयर का विमान हैदराबाद के लिए पुशबैक हो रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच टक्कर हो गई। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि उनके विमान के दाहिने पंख को नुकसान पहुंचा है, जबकि अकासा एयर के विमान के पंखे को भी क्षति पहुंची है। घटना के बाद दोनों विमानों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और आगे की उड़ानों को लेकर फैसला लिया जाएगा।


स्पाइसजेट विमान ग्राउंड, यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

हादसे के बाद स्पाइसजेट के विमान को फिलहाल दिल्ली में ही ग्राउंड कर दिया गया है और इसे उड़ान के लिए उपयोग में नहीं लाया जाएगा। वहीं अकासा एयर ने अपने बयान में कहा कि उनका विमान पार्किंग एरिया में खड़ा था, तभी दूसरी एयरलाइन का विमान उससे टकराया। यात्रियों और क्रू को सुरक्षित उतार लिया गया है और उन्हें जल्द से जल्द गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।


जांच शुरू, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर यह टक्कर कैसे हुई और इसमें किस स्तर पर चूक हुई। इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *