Breaking News

समलैंगिगक रिश्ते में अड़चन बन रही थी महिला, युवक ने रास्ते से हटाने की ठानी, फिर खौफनाक वारदात

top-news
नोएडा के सेक्टर-73 में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रिश्तों के विवाद में हुई इस वारदात में आरोपी के पास से चाकू और मोबाइल बरामद किया गया है।

नोएडा के सेक्टर-73 में हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की सूचना बुधवार सुबह डायल 112 पर मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। गुरुवार को पुलिस ने उसे टिवोली फार्म हाउस के पास से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।


रिश्तों के विवाद में हुई वारदात, सामने आया कारण

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का मृतका के बेटे के साथ करीबी संबंध था, जिसका महिला विरोध करती थी। आरोपी को बेटे से मिलने में लगातार बाधा का सामना करना पड़ रहा था। इसी वजह से दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। घटना वाले दिन भी आरोपी इसी मुद्दे को लेकर महिला से बात करने आया था, लेकिन बात नहीं बनी और विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।


आरोपी की पृष्ठभूमि और परिवार की जानकारी

एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, आरोपी की पहचान मोहम्मद शफीक उर्फ जावेद (45) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फतेहपुर का रहने वाला है और फिलहाल सर्फाबाद में किराए के मकान में रह रहा था। वह पेशे से कार पेंटर है। आरोपी पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। उसके दो बच्चे हैं, जिनका पालन-पोषण गाजियाबाद में एक परिवार कर रहा है।


दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, फिर बना विवाद की वजह

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात मोहसिन नाम के युवक से हुई थी, जिसे उसने पेंटर का काम सिखाया। इसी दौरान दोनों के बीच करीबी बढ़ी। मृतका फूलजहां को इस संबंध पर शक हो गया था और वह इसका विरोध करने लगी थीं। आरोपी ने रिश्ते को बनाए रखने के लिए अपनी मौसी की बेटी की शादी मोहसिन से कराने की कोशिश की, लेकिन महिला इसके लिए तैयार नहीं हुईं।


चाकू से कई वार कर भागा, पड़ोसियों ने दी सूचना

घटना के दिन आरोपी ने गुस्से में आकर महिला के गले, पेट और सीने पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया। घर के बाहर खून बहता देख पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *